
Deoghar: देवघर जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र के नावाडीह गांव में बुधवार की देर रात को एक नवमी की छात्रा का शव कुएं से बरामद किया गया। मृतका का नाम 15 वर्षीय काजल सोरेन है। जानकारी मिलते ही मोहनपुर पुलिस घटनास्थल पहुंची और छात्रा के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

घटना के बावत मृतका के भाई विनय मुर्मू ने बताया कि काजल बुधवार 12:00 बजे दिन से ही गायब थी। शाम तक जब घर नहीं लौटी तो खोज बिन शुरू किया। बताया कि घर से 500 मीटर दूरी पर स्थित एक कुएं के पास उसका चप्पल मिला। तब शक हुआ कि कहीं कुएं में तो नहीं डूब गई है।

रात के 9:00 बजे के आसपास कुएं में झगड़ डालकर शव को बाहर निकाला गया। उसके बाद मोहनपुर थाना पुलिस को इसकी सूचना दी गई। इधर मोहनपुर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।


