Deoghar News : देवघर टावर चौक के अंदर बाजार में रविवार दोपहर अज्ञात बदमाशों ने ओड़िसा के बरमपुर निवासी बुजुर्ग महिला शांतिलता कटई के गले से 10 ग्राम वजन की सोने की चेन खींच ली। घटना दोपहर करीब 2:40 से 2:50 बजे के बीच की बतायी जा रही है। घटना शीतला मंदिर के समीप हुई।

जानकारी के अनुसार शांतिलता कटई अपने एसडीजेएम पुत्र ज्ञानील कटई, बहू, पोती और छोटे पुत्र के साथ देवघर पूजा करने आई हैं। मंदिर में पूजा करने के बाद वह परिजनों के साथ वापस बाजार की ओर लौट रही थीं।

इसी दौरान तीन लड़के उनके सामने से जा रहे थे। आशंका जतायी जा रही है कि उन्हीं लड़कों ने मौका पाकर महिला के गले से सोने की चेन खींच ली। घटना के बाद शांतिलता कटई अपने पुत्र व अन्य परिजनों के साथ शिकायत देने नगर थाना पहुंचीं।
उन्होंने पुलिस को आवेदन देकर गले से छीनी गयी सोने की चेन बरामद करने तथा घटना में शामिल बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।



