Deoghar News : रविवार की सुबह घर में घुसकर महिला और उसके 13 वर्षीय बेटे पर जानलेवा हमला किये जाने का मामला सामने आया है। घटना देवीपुर थाना क्षेत्र के राजपुरा गांव की है। घटना में रूबी देवी और उसका 13 वर्षीय बेटा देव कुमार घायल हो गया। परिजनों ने दोनों को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया।

प्राथमिक उपचार के बाद महिला की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
घायल महिला के पति ने बताया कि वह घर के कुछ काम से बाहर निकले थे।

इसी दौरान पड़ोसियों ने अचानक घर में घुसकर उनकी पत्नी और बेटे पर टांगी, लाठी-डंडे से हमला कर दिया। हमले के दौरान शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों के पहुंचने के बाद हमला करने वाले वहां से भाग निकले।
पति ने बताया कि घटना की जानकारी उन्हें फोन पर दी गयी, जिसके बाद वह घर पहुंचे। इसके बाद घायल पत्नी और बेटे को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल ले जाया गया। घटना की सूचना स्थानीय देवीपुर पुलिस को दे दी गयी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।



