Deoghar News : मोहनपुर थाना क्षेत्र के डुमथर स्थित जय गुरु ऑटो मार्केट में सेकेंड हैंड वाहनों की खरीद-बिक्री करने वाले दुकानदार से रंगदारी मांगने और पैसा देने से इनकार करने पर मारपीट व लूटपाट करने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर दुकान संचालक रोहित रजक ग्राम आदर्श कॉलोनी रामपुर थाना रिखिया जिला देवघर ने मोहनपुर थाना में लिखित शिकायत दी है।

पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता के अनुसार, 12 सितंबर को करीब दोपहर दो बजे वह डुमथर स्थित अपनी दुकान जय गुरु ऑटो मार्केट के काउंटर पर बैठे थे। इसी दौरान एक थार गाड़ी से 6-7 अज्ञात लोग दुकान के सामने आकर रुके।

इनमें से चार व्यक्ति ग्राहक बनकर दुकान के अंदर आए और गाड़ी का आरसी कार्ड तथा पैसे की मांग करने लगे। रोहित रजक ने मामले में कहा है कि बातचीत के दौरान अचानक उन लोगों ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे का तार तोड़ दिया।
इसका कारण पूछने पर चारों ने पिस्टल निकाल ली और हल्ला करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए उनसे 50 हजार रुपये की मांग की। पैसा देने से इनकार करने पर आरोपियों ने उनके साथ लात, घूंसा और मुक्का से मारपीट की। मामले में आरोप लगाया गया है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने दुकान के गल्ले से 90 हजार रुपये निकाल लिए। इसके बाद उनके गले से करीब 10 ग्राम वजन की सोने की चेन भी छीन ली।
आरोपियों ने उनकी जेब से पर्स भी छीन लिया, जिसमें करीब 14 ग्राम का चांदी का सिक्का, गाड़ियों के आरसी कार्ड और 1100 रुपये रखे हुए थे। पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने मारपीट करते हुए उन्हें दुकान से घसीटकर बाहर ले गए। इसके बाद 6-7 अज्ञात लोगों ने मिलकर उनके साथ बेरहमी से मारपीट की।
इसी दौरान एक व्यक्ति ने हवाई फायरिंग करते हुए एक गोली चलाई। गोली चलने के बाद आसपास के लोग मौके पर जमा हुए और बीच-बचाव किया। लोगों के जुटने के बाद सभी आरोपी सफेद रंग की थार गाड़ी में बैठकर फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित ने मोहनपुर थाना पहुंचकर पुलिस को पूरी जानकारी दी और आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन में जुटी है।



