Deoghar News : देवघर शहर में रंगदारी व संगठित अपराध के खिलाफ नगर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से दो पिस्टल, छह जिंदा कारतूस तथा एक ब्लैक रंग की स्कॉर्पियो बरामद की है।

गिरफ्तार आरोपितों के संबंध में पुलिस का कहना है कि वे संगठित अपराध गिरोह के सक्रिय सदस्य हैं और हथियार का भय दिखाकर दुकानदारों व राहगीरों को डराने-धमकाने, रंगदारी वसूलने, छिनतई तथा रंगदारीपूर्वक जमीन पर कब्जा कराने का काम करते हैं।

गिरफ्तार आरोपितों के विरुद्ध 40 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज होने की बात पुलिस ने बताई है। इस संबंध में सदर एसडीपीओ कुलदीप कुमार ने अपने कार्यालय कक्ष में प्रेस वार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अपराधी शहर में संगठित अपराध चलाने का कार्य करते हैं। इनका मुख्य कार्य रंगदारी मांगना, व्यवसायियों को धमकाना तथा जमीन पर कब्जा दिलाना है।
फिल्म देखने गए परिवार के बेटे से मांगी रंगदारी
मामले के संबंध में बताया गया कि 11 सितंबर की रात अमरनाथ केशरी अपने बेटे एवं परिवार के साथ विरोय ऑयलेक्स में फिल्म देखने गए थे। फिल्म के मध्यांतर के दौरान कुख्यात अपराधी विकाश पलिवार उर्फ भाखड़ बोस अपने तीन अन्य साथियों के साथ अमरनाथ केशरी के बेटे के साथ मारपीट करते हुए रंगदारी मांगने लगा।
घटना को लेकर अमरनाथ केशरी के लिखित आवेदन के आधार पर नगर थाना कांड संख्या 357/26, दिनांक 12 सितंबर 2026, धारा 115(2), 308(2), 351(2), 352 एवं 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

एसपी के निर्देश पर गठित हुई टीम
कांड की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देशानुसार सदर एसडीपीओ कुलदीप कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम द्वारा संदिग्धों से लगातार पूछताछ के साथ छापेमारी की जा रही थी। इसी क्रम में 13 सितंबर को करीब 15 बजे पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली कि उक्त कांड के वांछित अभियुक्त अपने अन्य साथियों के साथ हथियार लेकर ब्लैक स्कॉर्पियो में सवार होकर सदर अस्पताल क्षेत्र में घूम रहे हैं। सूचना के बाद पूर्व से गठित टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सदर अस्पताल के समीप हरिशरनम कुटिया के पीछे चार लोगों को खदेड़कर पकड़ लिया।
चारों के पास से हथियार व कारतूस बरामद
पुलिस के अनुसार पकड़े गए व्यक्तियों से नाम-पता पूछने पर उनकी पहचान रिषभ राज उर्फ रिषभ केशरी सीता होटल शिवम पेड़ा भंडार, जलसार रोड विकाश पलिवार उर्फ भाखड़ बोस पता शिवगंगा लेन, सोरभ श्रृंगारी निवासी पंडित बीएन झा पथ नगर थाना तथा प्रशांत कुमार झा निवासी करनीबाग कुंडा थाना, देवघर के रूप में हुई।
पुलिस ने बताया कि तलाशी के दौरान विकाश पलिवार उर्फ भाखड़ बोस के कमर के बाएं तरफ से एक पिस्टल बरामद की गई। वहीं रिषभ केशरी उर्फ रिषभ राज के कमर के बाएं तरफ से एक पिस्टल एवं दो जिंदा कारतूस लोडेड बरामद हुए, जिन पर 7.65 एमएम केएफ खुदा हुआ है।
इसके अलावा सोरभ कुमार श्रृंगारी के पहने हुए बाएं पॉकेट से दो जिंदा कारतूस तथा प्रशांत कुमार झा के पहने हुए पेंट के दाहिने पॉकेट से दो जिंदा कारतूस, जिन पर 7.65 एमएम अंकित है, बरामद किए गए। मौके से ब्लैक रंग की स्कॉर्पियो, रजिस्ट्रेशन नंबर जेएच 15 एआर 2703 भी जब्त की गई।
अलग से आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज
हथियार व कारतूस बरामद होने के बाद इस संबंध में नगर थाना कांड संख्या 358/26, दिनांक 13 सितंबर 2026, धारा 308(2)/111(4)/61(2) बीएनएस एवं 25(1-बी) ए/26/35 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपित कुख्यात संगठित अपराध गिरोह के सक्रिय सदस्य हैं।
वे अवैध आग्नेयास्त्र का भय दिखाकर दुकानदारों से छिनतई एवं रंगदारी मांगने, दुकानदारों व राहगीरों को डराने-धमकाने, रंगदारी वसूलने तथा रंगदारीपूर्वक जमीन पर कब्जा करने का काम करते हैं।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध 40 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार मामले में अनुभव नरौने उर्फ सोनु नरौने, छोटु श्रृंगारी, आस्तिक पलिवार एवं मोनु पंडित, सभी नगर थाना क्षेत्र के रहने वाले, अपराध में सहयोगी बताए गए हैं।
छापेमारी टीम में ये रहे शामिल
छापेमारी दल में सदर एसडीपीओ कुलदीप कुमार, नगर थाना प्रभारी पुनि रवि ठाकुर, पुअनि मिथलेश कुमार, पुअनि सूरज कुमार, पुअनि सुमन्त प्रसाद, पुअनि राजू रजवार, पुअनि अरविंद कुमार एवं नगर थाना रिजर्व गार्ड शामिल थे।



