रांची: बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेसर का असर रविवार को झारखंड में देखने को मिला। इसके कारण झारखण्ड के कई हिस्सों में जमकर बारिश हुई।
भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि अगले दो दिन तक रांची सहित झारखंड के कई हिस्सों में बारिश की संभावना है। साथ ही थंडरिंग और वज्रपात की भी चेतावनी जारी की गई है। 16 सितंबर तक पूरे झारखंड में बारिश की संभावना बनी हुई है। थंडरिंग को लेकर विभाग ने सावधानी बरतने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवात गहरे कम दबाव के क्षेत्र में परिवर्तित हो रहा है। इसके उत्तर पश्चिम के तरफ बढ़ने की संभावना है। अगले 12 घंटों में ये पश्चिम बंगाल और उडीसा के तट पर डीप डिप्रेशन के रूप में टकराएगा। इसके कारण रांची में दिन भर बादल छाए रहेंगे। साथ ही हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है।
राज्य के कई जिलों में बारिश दर्ज होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार आज पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और सिमडेगा के साथ राज्य के पश्चिमी जिलों में भी भारी बारिश की संभावना है। राज्य के मौसम में बदलाव 14 सितंबर के बाद से देखने को मिलेगा। इसके बाद बारिश में थोड़ी कमी आ सकती है।