
Ranchi: क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी से 15 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी हुई है। जिसको लेकर धोनी ने अरका स्पोर्ट्स एंड मैनेजमेंट लिमिटेड के मिहिर दिवाकर और सौम्या विश्वास के खिलाफ केस दर्ज कराया है।

धोनी का आरोप है कि कंपनी और महेंद्र सिंह धोनी के बीच साल 2017 में करार हुआ था। कंपनी ने करार के दौरान किए गए समझौते के तहत नियमों का पालन नहीं किया। इसकी वजह से उन्हें 15 करोड़ रुपए का आर्थिक नुकसान हुआ है।

महेंद्र सिंह धोनी क्रिकेट एकेडमी के लिए किए गए करार पर धोखा देने और आर्थिक नुकसान पहुंचाने के मामले में रांची के सिविल कोर्ट में मुकदमा दर्ज किया है।
आरोप है कि एग्रीमेंट में अरका स्पोर्ट्स फ्रेंचाइजी फीस का भुगतान और प्रॉफिट शेयर करने के बात थी, लेकिन कंपनी ने ऐसा नहीं किया। महेंद्र सिंह धोनी ने कंपनी को कई नोटिस भेजे, लेकिन कंपनी ने उस पर भी कोई कार्रवाई नहीं की, ना ही लाभ में शेयर दिया। कंपनी से महेंद्र सिंह धोनी ने 15 अगस्त, 2021 को करार खत्म कर लिया।
कंपनी पर केस करने से पहले महेंद्र सिंह धोनी ने बातचीत कर हल निकालने की कोशिश की, फिर उन्हें कानूनी नोटिस भेजा। इसके बाद भी जब कंपनी ने कोई फैसला नहीं लिया तो अब मामला कोर्ट तक पहुंच गया है।
कंपनी ने महेंद्र सिंह धोनी के नाम पर देश और विदेश में कई क्रिकेट एकेडमी खोले थे, लेकिन 2021 में समझौता खत्म होने के बाद उन्हें बंद कर दिया गया।



