Deoghar News : सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर बांग्लादेश के एक नागरिक के रहस्यमय तरीके से लापता होने के मामले में देवघर नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। यह मामला सुप्रीम कोर्ट में दायर याचिका के आधार पर दिए गए निर्देश के आलोक में दर्ज किया गया है। याचिका बांग्लादेश के पंचागढ़ जिले के बोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत हिंदू प्रोधान पाड़ा, खलिफापुर बोतोला हाट निवासी नमिता रानी ने दायर की थी।

याचिका में नमिता रानी ने बताया था कि उनके पति विपुल चंद्र बर्मन वैध पासपोर्ट के साथ 20 मार्च 2025 को इलाज कराने के लिए भारत आए थे। वह पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में इलाज कराने पहुंचे थे। इसके बाद वे देवघर आ गए थे। उन्हें अंतिम बार देवघर में देखे जाने की बात सामने आई थी। इसके बाद से उनका कोई अता-पता नहीं चल पाया है।

दर्ज मामले में लापता विपुल चंद्र बर्मन की तस्वीर भी उपलब्ध कराई गई है।बताया जाता है कि पति के लापता होने के बाद नमिता रानी ने देवघर प्रशासन और पुलिस से संपर्क किया था। स्थानीय पुलिस ने अपने स्तर से उनकी तलाश की थी। इस दौरान सत्संग आश्रम से भी संपर्क किया गया था। इसके अलावा शहर के कई होटल और लॉज में भी छानबीन की गई थी, लेकिन लापता व्यक्ति के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
इसके बाद महिला ने भारत सरकार के विदेश मंत्रालय से संपर्क किया। मंत्रालय की ओर से बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय से भी जानकारी प्राप्त करने का प्रयास किया गया, लेकिन वहां से भी पति के संबंध में कोई सुराग नहीं मिला। अंततः महिला ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। अब सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर देवघर नगर थाने में मामला दर्ज किया गया है।
मामला दर्ज होने के बाद देवघर पुलिस ने नए सिरे से जांच शुरू कर दी है। पुलिस लापता बांग्लादेशी नागरिक विपुल चंद्र बर्मन का पता लगाने में जुट गई है। वहीं, सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में स्टेटस रिपोर्ट भी तलब की है।



