Deoghar News : देवघर नगर थाना क्षेत्र के बरमसिया सलोनाटांड़ के पास शनिवार को हुए सड़क हादसे में दो महिला और दो मासूम बच्चे घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया गया।

घायलों में दुमका जिले के जरमुंडी थाना क्षेत्र के गरडीह गांव निवासी बीरमा देवी, निकिता देवी, दो वर्षीय कृति कुमारी और दो वर्षीय ऋषव कुमार शामिल हैं।

घटना के संबंध में गरडीह निवासी मिथुन पासी ने बताया कि वह सभी को एक ही बाइक पर बैठाकर अपने ससुराल नगर थाना क्षेत्र के सिंघवा मोहल्ला आया था।
शनिवार को वह बाइक पर सभी को बैठाकर वापस अपने घर गरडीह जा रहा था। इसी दौरान बरमसिया सलोनाटांड़ के पास अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई। इससे बाइक सवार सभी लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
हादसे के बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार किया गया।



