Deoghar : घरेलू विवाद में आवेश में आकर अपने शरीर पर केरोसिन तेल छिड़ककर आग लगाने वाले 30 वर्षीय युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र के केनखपरा गांव निवासी पीटूं कोल के रूप में हुई है।

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, 25 नवंबर को घरेलू विवाद के बाद पीटूं कोल ने आवेश में आकर अपने शरीर पर केरोसिन तेल छिड़ककर आग लगा ली थी। इस घटना में उसका शरीर करीब 60 प्रतिशत तक बुरी तरह झुलस गया था।

घटना के बाद परिजनों ने उसे इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया था। यहां चिकित्सकों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा था। हालांकि, शनिवार की सुबह इलाज के क्रम में उसने दम तोड़ दिया।
इधर, युवक की मौत की सूचना मिलते ही बैद्यनाथधाम ओपी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया और इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया।



