Giridih News : दूसरे राज्यों से आकर गिरिडीह में ठिकाना बनाकर बड़ी लूट की वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे पांच अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उत्तर प्रदेश और बिहार के रहने वाले सभी आरोपी निमियाघाट थाना क्षेत्र के रंगामाटी गांव स्थित एक लॉज में पिछले दो महीने से छिपकर रह रहे थे। उनकी योजना गिरिडीह और बोकारो में बैंक तथा बड़े ज्वेलरी प्रतिष्ठानों को लूटने की थी। हालांकि, पुलिस की सतर्कता से उनकी साजिश नाकाम हो गई।

मामले का खुलासा एसपी डॉ. बिमल कुमार को मिली गुप्त सूचना के आधार पर हुआ। सूचना मिली थी कि जीटी रोड किनारे रंगामाटी स्थित एक लॉज में दूसरे राज्यों के अपराधी ठहरे हुए हैं और किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। इसके बाद डुमरी एसडीपीओ आबिद खान के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने हजारीबाग पुलिस के सहयोग से लॉज में छापेमारी कर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से एक 7.65 एमएम पिस्टल, दो देसी कट्टा, जिंदा कारतूस और तीन मोटरसाइकिल बरामद की। पूछताछ में आरोपियों ने गिरिडीह बाजार स्थित एक बैंक, एक बड़े ज्वेलरी प्रतिष्ठान और बोकारो के सिटी थाना क्षेत्र स्थित तनिष्क ज्वेलर्स को लूटने की योजना बनाने की बात सामने आई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के जौनपुर निवासी आकाश सिंह, बिहार के नालंदा निवासी सुजीत कुमार, वैशाली निवासी जयंत कुमार, प्रियांशु कुमार और रंजन कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी आकाश सिंह और जयंत कुमार का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है।
एसपी डॉ. बिमल कुमार ने बताया कि दूसरे राज्यों से आकर गिरिडीह में डेरा जमाने वाले अपराधियों की गतिविधियों पर पुलिस नजर रख रही थी। समय रहते मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई कर लूट की बड़ी घटना को टाल दिया गया।
फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके आपराधिक नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाने में लगी है।



