
East Singhbhum (Jamshedpur): जमशेदपुर के बरसोल थाना क्षेत्र अंतर्गत छोटा धडांगरि में एक नाबालिग बेटे ने मां बैशाखी मुंडा (47) की डंडे से पीटकर हत्या कर दी।

घटना के संबंध में मृतक के पति भूषण ने बताया कि बेटा अपने दोस्तों के साथ पिकनिक मनाकर गुरुवार की देर रात घर पहुंचा। घर आने पर मां-बेटे में किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसी में बेटे ने मां को डंडे से मारा। आवाज सुनकर मृतक के पति भी छुड़ाने आये लेकिन उसने पिता की भी पिटाई कर दी। बेटे के डंडे से उसके मां के सिर में चोट लग गयी, जिससे उसकी मौत हो गयी। शुक्रवार सुबह लोगों को मामले की जानकारी हुई।

ग्रामीणों ने मुखिया पति गणेश मुंडा को घटना की सूचना दी। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गयी। सूचना पाकर बरसोल थाना प्रभारी रामदयाल उरांव मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए घाटशिला भेज दिया। नाबालिग को निरुद्ध कर रिमांड होम भेज दिया गया है।


