Deoghar News : मोहनपुर थाना क्षेत्र के झालर गांव में बकरे को पत्थर मारने से रोकने पर विवाद के बाद घर में घुसकर टांगी व सब्बल से मारपीट कर गंभीर रूप से जख्मी करने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर एक व्यक्ति ने मोहनपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराकर तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। घटना 31 अक्तूबर की दोपहर करीब दो बजे की बतायी गयी है। दर्ज कराये गए मामले अनुसार पीड़ित का एक बकरा अशोक मंडल के लाहर बाड़ी में चला गया था और वहां चर रहा था।

इसी दौरान अशोक मंडल के पुत्र दयानंद मंडल ने बकरे को पत्थर से मारना शुरू कर दिया। पीड़ित ने उसे बकरा मारने से मना किया, तो आरोप है कि दयानंद मंडल गाली-गलौज करने लगा। इसके बाद पीड़ित बकरा लेकर अपने घर चला गया। मामले में बताया गया है कि कुछ देर बाद अशोक मंडल, दयानंद मंडल और सावित्री देवी कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए सब्बल एवं टांगी लेकर पीड़ित के घर में घुस गये। आरोप है कि अशोक मंडल ने जान मारने की नीयत से टांगी से पीड़ित के सिर पर वार कर दिया, जिससे सिर फट गया और खून बहने लगा।

इसके बाद टांगी से दायें हाथ पर भी वार किया गया, जिससे हाथ कट गया। वहीं दयानंद मंडल पर सब्बल से मारपीट कर गंभीर रूप से जख्मी करने का आरोप लगाया गया है।
हल्ला सुनकर पीड़ित का 18 वर्षीय बेटा और 40 वर्षीय पत्नी बचाने के लिए पहुंचे। कहा है कि दयानंद मंडल ने सब्बल से बेटे के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसके सिर में चोट लगी और सूजन हो गयी। वहीं अशोक मंडल पर पीड़ित की पत्नी के बाल पकड़कर जमीन पर पटकने और टांगी के पटास से मारपीट करने का आरोप है।
मामले में यह भी आरोप लगाया गया है कि मारपीट के दौरान महिला के गले से छह भर की चांदी की सिकड़ी छीन ली गयी। साथ ही उसके कपड़े फाड़ने, छेड़खानी करने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। हल्ला-गुल्ला सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया।
गंभीर रूप से घायल पीड़ित को परिजन इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गये, जहां उसकी स्थिति गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल देवघर रेफर कर दिया गया। मामले के अनुसार घायल का इलाज अभी भी जारी है। पीड़ित ने मामले की जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।



