
Deoghar: ट्रैफिक चेकिंग में हुई अवैध वसूली की जांच अब तेज हो गई है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) के निर्देश पर डीएसपी मुख्यालय चंद्रशेखर ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

इस क्रम में शिकायतकर्ता राजू पूजहर का बयान दर्ज किया गया है। इसके अलावा यातायात थाना प्रभारी दिलीप मुंडा, जांच के समय मौके पर मौजूद पुलिस पदाधिकारी, यातायात पुलिस के जवानों तथा अवैध वसूली की ऑनलाइन भुगतान लेने वाले एकाउंट धारक के पति का भी बयान लिया गया है।

मामले की निष्पक्ष जांच के लिए पुलिस साक्ष्यों का भी संकलन कर रही है। जांच टीम ने घटनास्थल एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले हैं। चेकिंग के वक्त के फुटेज में शिकायतकर्ता राजू पूजहर पुलिसकर्मियों के साथ-साथ संबंधित निजी व्यक्ति के साथ भी दिखाई दे रहे हैं।
फुटेज के एक हिस्से में उक्त निजी व्यक्ति राजू पूजहार को सड़क किनारे ले जाकर उनसे बातचीत करता हुआ भी नजर आया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार जांच के दौरान सामने आए सभी तथ्यों और साक्ष्यों का बारीकी से परीक्षण किया जा रहा है।
राजू पूजहर द्वारा लगाए गए आरोपों के आलोक में मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों के साथ-साथ उस निजी व्यक्ति की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस संबंध में देवघर के एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि ट्रैफिक जांच से जुड़ा एक मामला संज्ञान में आया है, जिस पर शिकायत प्राप्त हुई है। उनके निर्देश पर डीएसपी मुख्यालय पूरे प्रकरण की जांच कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होते ही इस मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है।


