Deoghar: देवघर सदर अस्पताल में भर्ती एक प्रसूता का मोबाइल चोरी होने का मामला सामने आया है। इतना ही नहीं चोरी हुए मोबाइल के जरिए बदमाशों ने बैंक खाते से पांच हजार रुपये की अवैध निकासी भी कर ली है। घटना रविवार को अस्पताल में हुई।

जानकारी के मुताबिक गिरिडीह जिले के गप्पे गांव निवासी खुशबू कुमारी देवघर सदर अस्पताल में इलाज के लिये भर्ती हुई थी। उसी दौरान एक नवंबर को बेड पर से उनका मोबाइल किसी अज्ञात चोर ने चोरी कर लिया। कुछ देर बाद मोबाइल गायब पाकर जब परिजनों ने उस नंबर पर कॉल लगाया, तो कॉल रिसीव हुआ और चोर से बात भी हुई। इस दौरान चोर ने कहा कि 10 मिनट बाद बात करो। इसके ठीक बाद मोबाइल स्विच ऑफ आने लगा। मोबाइल चोरी होने के कुछ ही समय बाद उससे लिंक बैंक खाते से पांच हजार रुपये निकाल लिये गये।

पीड़िता की ओर से बैद्यनाथधाम ओपी में मोबाइल चोरी की लिखित शिकायत दर्ज करायी गयी है। साथ ही सोमवार को साइबर थाना पहुंच प्रसूता ने राशि की अवैध निकासी की शिकायत दर्ज करायी और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस पुरे मामले की छानबीन में जुटी है।



