Deoghar News : श्रीमती अनारकली प्लस टू विद्यालय, पालोजोरी से पांच सोलर बैटरी चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जबकि एक किशोर को विधि विरुद्ध निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर चोरी गयी पांचों सोलर बैटरी बरामद कर ली है।

पुलिस के अनुसार, 22 अक्तूबर 2026 को श्रीमती अनारकली प्लस टू विद्यालय, पालोजोरी से पांच सोलर बैटरी चोरी होने के मामले में पालोजोरी थाना कांड संख्या 71/2026, धारा 305(ए)/331(4) बीएनएस 2023 के तहत अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया था। इसी क्रम में 1 नवंबर की रात पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि श्रीमती अनारकली प्लस टू विद्यालय के आसपास दो लड़के काफी देर से घूम रहे हैं।

सूचना के सत्यापन के लिए गश्ती दल को सूचित किया गया। इसके बाद थाना से सशस्त्र बल के साथ पुलिस टीम रवाना हुई और गश्ती वाहन से संपर्क किया गया। पुलिस टीम जब गश्ती दल के साथ विद्यालय पहुंची तो दोनों लड़के पुलिस वाहन देखकर भागने लगे। गश्ती दल ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया और थाना लाया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में एक को नाबालिग पाया गया, जबकि दूसरे ने अपना नाम मुस्तफा शाह, उम्र करीब 34 वर्ष, पिता स्व. दाउद शाह, निवासी जेरूवाडीह, थाना बेंगाबाद, जिला गिरिडीह बताया। पूछताछ के दौरान यह बात सामने आयी कि दोनों लड़के उसी रात सोलर बैटरी चोरी करने श्रीमती अनारकली प्लस टू विद्यालय, पालोजोरी पहुंचे थे।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि पूर्व में विद्यालय से चोरी हुई पांच सोलर बैटरियों को नाबालिग लड़के ने चोरी किया था तथा मुस्तफा शाह को बेच दिया था। इसके बाद मुस्तफा शाह की निशानदेही पर पुलिस ने कांड में चोरी गयी पांचों सोलर बैटरी बरामद कर ली।
बरामदगी :
चोरी गयी पांच सोलर बैटरी।
गिरफ्तार अभियुक्त : मुस्तफा शाह ग्राम जेरूवाडीह, थाना बेंगाबाद, जिला गिरिडीह।
विधि विरुद्ध निरुद्ध : एक किशोर।
छापेमारी दल शामिल सदस्य
पुअनि सह थाना प्रभारी संजय कुमार, सअनि जयचंद सोरेन तथा पालोजोरी थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।



