Deoghar: झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET Exam) के दौरान मोबाइल के साथ पकड़ी गयी अभ्यर्थी को कोर्ट के निर्देश पर न्यायिक हिरासत में मंडल कारा भेज दिया गया। अभ्यर्थी बबीता सिंघा अपग्रेड हाईस्कूल चितौ लोढ़िया (Upgraded High School Chitaulodhiya) परीक्षा केंद्र पर मोबाइल के साथ पकड़ी गईं थी।

1 नवंबर 2026 को आयोजित हुई इस परीक्षा को पूरी तरह कदाचार मुक्त और पारदर्शी बनाने के लिए जिला प्रशासन और झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) द्वारा सख्त दिशा-निर्देश लागू किए गए थे। जैक (JAC) ने परीक्षा से पहले ही स्पष्ट चेतावनी जारी की थी कि परीक्षा केंद्र के भीतर मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, स्मार्टवॉच या कैलकुलेटर ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

बबीता के खिलाफ केंद्राधीक्षक सह प्रभारी प्रधानाध्यापक पूजा सिंह की शिकायत और स्टेटिक मजिस्ट्रेट उत्सव कुमार की अनुशंसा पर कुंडा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी है। पुलिस ने सोमवार को बबिता को कोर्ट में पेश कराया। जिसके बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, जेटेट परीक्षा के दौरान बबीता ने तबीयत खराब होने की बात कही और करीब 3:30 बजे वॉशरूम गयी। वहां से लौटने पर उनके पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल मिला, जो परीक्षा केंद्र में ले जाना वर्जित था। इसके बाद मोबाइल जब्त कर वरीय पदाधिकारी, उड़नदस्ता प्रभारी और स्टेटिक मजिस्ट्रेट उत्सव कुमार को सूचना दी गयी। जिसके बाद केंद्राधीक्षक कुंडा थाना पहुंच जब्त मोबाइल के साथ बबीता सिंघा को पुलिस के सुपुर्द कर दिया। साथ ही आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए आवेदन भी दिया।
बता दें कि बबीता दुमका जिले के मसानजोर रानीबहाल की रहने वाली हैं और पारा शिक्षक हैं। इस संबंध में कुंडा थाना कांड संख्या 138/2026 दर्ज किया गया है। मामले में बीएनएस की धारा 318(4), 223 और झारखंड कंपीटिटिव एक्जामिनेशन एक्ट, 2023 की धारा 12(1) लगायी गयी है।



