
जमशेदपुर: सोनारी थाना क्षेत्र के दोमुहानी के पास एक व्यक्ति की खरकई नदी में डूबने से मौत हो गई। मृतक आनंदी साव (46) बरिगोडा के रहने वाला था।

स्थानीय लोगों ने बताया कि रविवार की सुबह छठ के लिए अपनी पत्नी बच्ची देवी और बेटी करिश्मा कुमारी के साथ नदी में जल लेने के लिए आए थे। जल लेने के दौरान आनंदी नदी में नहाने लगे। पानी के तेज बहाव के कारण वे गहरे पानी में डूब गए। मछुआरों ने उन्हें बचाने का भी प्रयास किया लेकिन वे असफल रहे।

घटना के करीब एक घंटे के बाद घटनास्थल से थोड़ी ही दूर पर आनंदी का शव बरामद किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उनकी मौत से पत्नी, पांच बच्चे समेत अन्य परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।



