Deoghar News : देवघर नगर थाना क्षेत्र के बंपास टाउन स्थित देवसंघ, सिंदूर फैक्ट्री के समीप 5 नवंबर की सुबह हुए विस्फोट और आगलगी की घटना में पड़ोसी के मकान को करीब सात लाख रुपये की क्षति होने का आरोप लगाया गया है।

इस संबंध में स्थानीय निवासी देवदत्त कुमार ने नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराकर जितेंद्र वर्णवाल उर्फ गुड्डू वर्णवाल के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।

दर्ज मामले के अनुसार 5 नवंबर की सुबह करीब 5:30 बजे अचानक उनके कमरे में धुआं और आग का गोला प्रवेश कर गया। इसके बाद उन्होंने बच्चों को आनन-फानन घर से बाहर निकाला और परिवार के साथ बाहर आ गए। देखा कि पड़ोस में स्थित जितेंद्र वर्णवाल का पूरा घर आग की चपेट में था।
दोनों मकान सटे होने के कारण आग उनके घर तक भी पहुंच गई। इससे खिड़की के शीशे टूट गए तथा घर के सामान, वायरिंग और दीवारों को काफी नुकसान पहुंचा। देवदत्त कुमार ने आरोप लगाया है कि जितेंद्र वर्णवाल अपने घर में बिना लाइसेंस विस्फोटक पदार्थ रखकर उसकी बिक्री करता था।
विस्फोटक पदार्थ में आग लगने से यह घटना हुई। उन्होंने आरोपी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने और करीब सात लाख रुपये की क्षतिपूर्ति दिलाने की मांग की है।



