Deoghar News: कुंडा थाना क्षेत्र के देवघर-सारठ रोड स्थित कुंडा मोड़ के पास हाइवा चालक के अपहरण और गाड़ी मालिक से मारपीट कर जबरन पांच हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कराने का मामला सामने आया है। विवाद कथित तौर पर गाड़ियों की पासिंग से जुड़ा बताया जा रहा है।

आरोप है कि कुछ लोग अवैध रूप से ओवरलोड माइंस मिनरल, गिट्टी आदि लेकर चलने वाले हाइवा और ट्रकों को जिले में पासिंग दिलाने तथा पुलिस-प्रशासन को मैनेज करने के नाम पर अवैध उगाही करते हैं। गाड़ियों के बीच टक्कर की बात को भी शिकायतकर्ता ने बनाई गई कहानी बताया है।

सारठ थाना क्षेत्र के जमुनियाटांड़ निवासी हाइवा मालिक रंजीत कुमार पंडित ने 7 नवंबर को कुंडा थाना में आवेदन दिया है। उनके अनुसार, सुबह करीब चार बजे चालक सिकंदर यादव के मोबाइल से फोन कर गाड़ी से धक्का मारने की बात कही गई और चालक को ले जाने की सूचना दी गई।
आरोप है कि काले रंग की बिना नंबर प्लेट वाली अर्टिगा कार से पहुंचे लोग चालक को मारपीट करते हुए जबरन ले गए। मालिक ने 100 नंबर पर सूचना दी। सुबह करीब 10 बजे घटनास्थल पहुंचने पर 15-20 लोगों ने उनके साथ मारपीट कर यूपीआई से पांच हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए।
आरोपियों ने देवघर में हाइवा नहीं चलाने देने और जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित ने चालक की सुरक्षा, आरोपियों की गिरफ्तारी और अपनी गाड़ी को सुरक्षा देने की मांग की है।



