Deoghar : गिरिडीह जिले के राजधनवार स्थित यूको बैंक में हुई नगदी रुपये व करोड़ों रुपये के सोने की डकैती कांड का तार देवघर से जुड़ता नजर आ रहा है। इस मामले में देवघर जिले के अपराधियों की संलिप्तता सामने आने के बाद गिरिडीह पुलिस ने देवघर पुलिस से संपर्क साधा है।

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक गिरिडीह जिले की पुलिस टीम ने गुरुवार देर रात से देवघर पुलिस के सहयोग से सुरा तिलोना हिरना इलाके में छापेमारी की और एक आरोपी को हिरासत में लिया.

हिरासत में लिये आरोपी को लेकर गिरिडीह पुलिस शुक्रवार अहले सुबह वापस निकल गयी. सूत्रों की मानें तो, अक्तूबर 2025 में मधुपुर थाना क्षेत्र के मिसरना गांव में सरेशाम हुई डकैती कांड में गिरफ्तार होकर जेल गये आरोपियों में से दो की तलाश गिरिडीह पुलिस को बैंक डकैती कांड में है.
राजधनवार यूको बैंक डकैती कांड में भी इसी गिरोह से जुड़े कुछ अपराधियों की संलिप्तता सामने आ रही है। यह भी पता चल रहा है कि राजधनवार बैंक डकैती के बाद पुलिस के हत्थे चढ़ा आरोपी भी देवघर जिले के गुगलीडीह इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है.
मधुपुर डकैती में गिरफ्तार रॉकी का नाम आया सामने
सूत्रों के मुताबिक, राजधनवार यूको बैंक डकैती कांड को अंजाम देने वाले अपराधियों में बेंगाबाद के दो अपराधियों के नाम सामने आ रहे हैं। बताया जाता है कि रॉकी वही आरोपी है, जिसे अक्तूबर 2025 में मधुपुर थाना क्षेत्र के मिसरना गांव में हुई डकैती के मामले में गिरफ्तार किया गया था। उस समय देवघर पुलिस ने अन्य आरोपियों के साथ रॉकी को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा था
जमुआ में हथियार के साथ पकड़ा गया था एक अपराधी
बताते चलें कि 5 नवंबर को राजधनवार स्थित यूको बैंक में डकैती की घटना के बाद गिरिडीह पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जमुआ थाना क्षेत्र में भागने के दौरान एक अपराधी को हथियार के साथ गिरफ्तार किया था। पकड़ा गया अपराधी देवघर जिले का रहने वाला बताया जा रहा है। इसी के बाद इस पूरे मामले में देवघर कनेक्शन की जांच तेज कर दी गई।
सूत्रों की मानें तो गिरिडीह पुलिस लगातार देवघर पुलिस के संपर्क में है। इस डकैती कांड में बिहार के कुछ अपराधियों के भी शामिल रहने की बात सामने आ रही है।
हालांकि, मामले में गिरिडीह पुलिस फिलहाल आधिकारिक तौर पर कुछ भी बताने से परहेज कर रही है। पुलिस की जांच और संभावित ठिकानों पर चल रही छापेमारी के बाद इस गिरोह से जुड़े अन्य अपराधियों की भूमिका स्पष्ट होने की संभावना है।



