Deoghar : मोहनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस बताकर ट्रक रोकने, चालक और खलासी को अपने वाहन में बैठाकर ट्रक मालिक से पैसे की मांग करने तथा ट्रक लूटकर फरार होने के मामले का पुलिस ने उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर लूटा गया ट्रक और घटना में प्रयुक्त इनोवा कार के अलावा दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। शुक्रवार को एसडीपीओ सदर कुलदीप कुमार ने अपने कार्यालय कक्ष में प्रेसवार्ता आयोजित कर पूरे मामले की विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि 5 नवंबर 2026 की सुबह करीब सात बजे सूचना प्राप्त हुई थी कि कुछ लोगों ने पुलिस बताकर एक तार लोड ट्रक को गाड़ी के कागजात जांचने के बहाने रोका था। इसके बाद अज्ञात लोगों ने चालक एवं खलासी को अपनी गाड़ी में बैठा लिया और ट्रक मालिक से पैसे की मांग की। इसी दौरान अपराधी ट्रक लूटकर फरार हो गए।
घटना को लेकर ट्रक मालिक रामेश्वर (48 वर्ष), पिता स्वर्गीय भरत सिंह, निवासी 45/131 भगवानपुरा, जे.जे. कैंप, थाना समयपुर बादली, जिला रोहिणी, दिल्ली के लिखित आवेदन पर मोहनपुर थाना कांड संख्या 178/2026, दिनांक 05 नवंबर 2026 दर्ज किया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 126(2), 115(2), 204, 308(3) एवं 309(4) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
एसडीपीओ ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए देवघर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कांड के उद्भेदन के लिए विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया। गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कांड में संलिप्त दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर लूटा गया ट्रक तथा घटना में इस्तेमाल की गई इनोवा कार बरामद की गई
गिरफ्तार आरोपितों के नाम एवं पते
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपितों में मुकेश कुमार राय (करीब 45 वर्ष), पिता भिखारी राय, निवासी गादी नवादा, थाना चकाई, जिला जमुई, बिहार, वर्तमान पता मानिकपुर, थाना जसीडीह, जिला देवघर तथा कैलाशपति मिश्रा (35 वर्ष), पिता स्वर्गीय शरद कुमार मिश्रा, निवासी पुरानी बाजार, थाना झाझा, जिला जमुई, बिहार, वर्तमान पता मानिकपुर, थाना जसीडीह, जिला देवघर शामिल हैं।
ये सामान किए गए बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर लूटा गया ट्रक (रजिस्ट्रेशन नंबर डीएल 011एलएएच 4721), वारदात में प्रयुक्त इनोवा कार (रजिस्ट्रेशन नंबर जेएच 15-एएफ -0051) तथा दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
छापेमारी दल में शामिल थे ये पुलिस पदाधिकारी
कांड के उद्भेदन एवं आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए गठित छापेमारी दल में एसडीपीओ सदर देवघर कुलदीप कुमार, मोहनपुर थाना प्रभारी पुअनि संदीप कृष्णा, सअनि राकेश कुमार रंजन, सअनि सुरेश कुमार रमानी, सअनि प्रमोद कुमार, मोहनपुर थाना रिजर्व गार्ड एवं स्थानीय चौकीदार शामिल थे। एसआईटी की त्वरित कार्रवाई से ट्रक लूटकांड का उद्भेदन करते हुए लूटा गया वाहन बरामद कर लिया गया है। मामले में पुलिस आगे की आवश्यक कार्रवाई कर रही है।



