
रांची: मंगलवार को हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में हुई झारखण्ड कैबिनेट की बैठक में 19 प्रस्तावों को मंजूरी मिली है। झारखंड सरकार ने राज्य के कर्मचारियों को बड़ा तोहफा दिया है। राज्यकर्मियों को अब 17 प्रतिशत के बजाय 28 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा। यह निर्णय केंद्र द्वारा लिये गये फैसले के ही अनुरूप है।

अब राज्य के कर्मचारियों को 1 जुलाई 2021 की तिथि से महंगाई भत्ता 17 प्रतिशत के बजाय 28 प्रतिशत देय होगा। इस फैसले से राज्य के ढाई लाख से ज्यादा कर्मचारी लाभान्वित होंगे। वहीं सरकारी खजाने पर 1000 करोड़ रुपये से ज्यादा का अतिरिक्त भार पड़ेगा।

गौरतलब है कि कोरोना के कारण में पूरे देश में जनवरी माह से महंगाई भत्ते की वृद्धि पर रोक लगा दी गयी थी। केंद्र सरकार ने हाल में ही इस रोक को हटा दिया था। अब राज्य सरकार ने उसी आलोक में दो लाख राज्यकर्मियों को बढ़ा महंगाई भत्ता देने का निर्णय लिया है। यह लाभ पेंशनधारियों और पारिवारिक पेंशक के लाभुकों को भी मिलेगा। कर्मचारियों को एरियर देय नहीं होगा।
नौवीं और 10वीं के छात्रों को हर साल मिलेगी मुफ्त किताबें
नौवीं और 10वीं में पढ़ने वाले गरीब बच्चों को सरकार ने बड़ी राहत दी है। सरकार ने फैसला लिया है कि अब झारखंड के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों को हर साल मुफ्त में किताबें दी जाएगी। हेमंत कैबिनेट ने उच्च शिक्षा विभाग के इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। सरकार के इस फैसले से स्कूलों से ड्रॉप आउट घटेगा।
राज्य में जमीन और प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री हुई महंगी
राज्य में जमीन और प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री महंगी हो गयी है। मंत्रिमंडल ने स्टांप ड्यूटी में वृद्धि कर दी है। बताया गया है कि इससे राज्य सरकार को सालाना लगभग 200 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त होगा। लेकिन इसके साथ ही एक राहत यह दी गयी है कि मनोरंजन फीस और कोर्ट फीस के रूप में अतिरिक्त 110 प्रतिशत का अधिभार को निरस्त कर दिया गया है।
गाड़ियों पर अब ज्यादा टैक्स
झारखंड मोटरगाड़ी नियमावली 2021 को मंजूरी दी गयी है। इसके तहत गाड़ियों के पंजीकरण और सभी प्रकार के शुल्क में भी वृद्धि की गयी है। जाहिर है, इससे लोगों की जेब पर बोझ बढ़ेगा।
आईटीआई में कॉशन मनी बढ़ी
सरकारी आईटीआई में एडमिशन लेनेवाले छात्रों को एडमिशन के समय कॉशन मनी के रूप में 50 रुपये की जगह अब 500 रुपये जमा करना होगा। यह राशि बाद में वापस कर दी जायेगी।
कैबिनेट के अन्य फैसले
- रामगढ़ जिले में बरलंगा-नेमरा-कसमा पथ को दो लेन में बनाने की योजना मंजूर की गयी है। इसपर 176 करोड़ लागत आयेगी।
- डीवीसी और एनटीपीसी को अब सीधे कोषागारों से राशि का भुगतान किया जा सकेगा। कैबिनेट ने इससे जुड़े प्रस्ताव को भी मंजूर कर लिया है।
- मधुपुर उपचुनाव में खर्च किये गये साढ़े पांच करोड़ की राशि को घटनोत्तर स्वीकृति दी गयी है।
- झारखंड के आठ कारा कर्मियों की सेवा के नियमितीकरण को भी कैबिनेट ने मंजूरी दी गयी है।यह फैसला कोर्ट द्वारा सलोनी एक्का बनाम झारखंड सरकार के मामले में दिये गये आदेश के अनुरूप लिया गया है।
- जलशक्ति मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय जलशक्ति मिशन के कार्यान्वयन के लिए एक्शन प्लान तैयार करने हेतु आईआईटी रूड़की से एग्रीमेंट करने की मंजूरी दी गयी।
- महिला बाल विकास के तहत चल रही केंद्र प्रायोजित योजनाओं को 31 मार्च 2022 तक विस्तार देने का निर्णय लिया गया है।
- गढ़वा में 53 करोड़ की लागत से बनेगा समाहरणालय भवन।
- दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना के तहत 246 गांवों के विद्युतिकर्ण में 109 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
- राज्य विधि आयोग की कार्य अवधि विस्तार 14.11.2019 से बढ़ाकर 13.11.2021 किया गया।
यह भी पढ़ें:
- Deoghar : चार साइबर अपराधी गिरफ्तार, मोबाइल व सिम कार्ड बरामद
- Deoghar : अनियंत्रित मालवाहक ऑटो पलटने से बुजुर्ग की मौत
- Deoghar : विवाद को लेकर समझाने गए लोगों पर लोहे के पाइप, कुल्हाड़ी और डंडे से हमला
- Ranchi RSS कार्यालय हमले में विदेशी कनेक्शन के संकेत, आरोपियों में एक लंबे समय तक दुबई में रहा
- Jharkhand Rajya Sabha Elections में बड़े पैमाने पर Cross-voting, कांग्रेस प्रभारी के. राजू बोले- RJD और CPI (ML) ने धोखा दिया


