
Deoghar News : कुंडा थाना क्षेत्र में 11 वर्षीय छात्र से इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी छीन लिए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में पीड़ित के पिता ने कुंडा थाना में लिखित शिकायत देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन में जुट गई है।

दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, कुंडा थाना क्षेत्र के चांदडीह गांव निवासी एक व्यक्ति ने बताया कि 1 अगस्त 2026 की शाम करीब चार बजे उनका 11 वर्षीय पुत्र इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी लेकर स्कूल के पीछे मैदान में चला रहा था। स्कूटी मुख्य सड़क किनारे खड़ी थी। इसी दौरान एक व्यक्ति, जिसकी पहचान शिकायत में पालक नाम से की गई है, अपने एक साथी के साथ वहां पहुंचा।

आरोप है कि उक्त व्यक्ति ने बच्चे से कहा कि छोटे बच्चे वाहन नहीं चलाते हैं। इसके बाद वह इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी लेकर वहां से चला गया। काफी खोजबीन के बावजूद स्कूटी का पता नहीं चल सका। पीड़ित के पिता ने आवेदन में आरोपित के विरुद्ध इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी छीन लेने के मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
कुंडा थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपित की पहचान और स्कूटी की बरामदगी के लिए छानबीन कर रही है।



