
Deoghar : देवघर नगर थाना इलाके के साहेब पोखर के पास एक लोड ट्रक से उतारने के क्रम में मारबल पत्थर मजदूर के शरीर पर गिर पड़ा। इस घटना में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गयी। मृतक मजदूर का नाम आशीष कुमार है जो कुंडा थाना इलाके कासीडीह गावं का रहने वाला है।

मृतक को एक लगभग आठ माह का बच्चा है। वह मजदूरी कर अपने परिवार का भरण पोषण करता था। घटना की बावत बताया जाता है गुरूवार की देर शाम को साहेब पोखर स्थित एक गोदाम में ट्रक पर लोड मारबल पत्थर को उतारने का कार्य किया जा रहा था।

आशीष कुमार भी मारबल को ट्रक से नीचे उतारने में लगा था। उसी दौरान अचानक एक मारबल उसके शरीर पर गिर गया। इस घटना में वह मारबल पत्थर के नीचे दब गया।
आनन फानन में नगर पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से उसे इलाज के लिये गुरूवार की रात सदर अस्पताल पहुंचाया गया।
जहां जांच करने के उपरांत ऑन ड्यूटी डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से सदर अस्पताल में मृतक के परिजन दहाड़ मारकर रोने चिल्लाने लगे। नगर पुलिस ने शुक्रवार को शव का पंचनामा कर पोस्टामार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।


