

नई दिल्ली।

देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना ने हर किसी को खौफ के साए में जीने पर मजबूर कर दिया है। ऐसी स्थिति में जब देश में तेज़ी से कोरोना के मामले घट रहे हैं, बीते 24 घंटे में केवल 29 हजार नए मामले सामने आए। तब दिल्ली में करीब 4 हजार नये केस सामने आ रहे हैं, मतलब साफ है कि हालात अभी भी दिल्ली में बेहद ही खराब हैं। कोरोना के केस लगातार बढ़ने से सरकार की चिंता बढ़ गई है। दिल्ली सरकार एक बार फिर बाजार बंद करने की तैयारी कर रही है।


दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को कहा कि कोरोना रोकने के लिए छोटे स्तर पर लॉकडाउन भी लगाया जा सकता है। दिल्ली सरकार ने इसको लेकर केंद्र को प्रस्ताव भेजा है। जिसमें छोटे स्तर पर लॉकडाउन की इजाजत मांगी गई है। अगर केंद्र इजाजत देती है तो ज्यादा संक्रमण वाले इलाकों में लॉकडाउन लगाया जा सकता है। केजरीवाल ने कहा कि कुछ बाजारों में दिवाली के समय काफी लापरवाही देखने को मिली।वहीं, दिल्ली में अब शादी में 200 की जगह 50 लोग ही शामिल हो सकेंगे।




