
Deoghar: बिहार के बांका जिला अंतर्गत कटोरिया थाना क्षेत्र की रहने वाली 75 वर्षीय कबूतरी देवी की देवघर सदर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। वह गाय के हमले में गंभीर रूप से घायल हो गई थीं।

घटना के बाद परिजनों ने उन्हें पहले कटोरिया स्थित सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल रेफर कर दिया।

परिजनों के अनुसार, कबूतरी देवी अपने घर के पास खड़ी थीं। इसी दौरान एक गाय ने उन पर हमला कर दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। देवघर सदर अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था, लेकिन उपचार के क्रम में उन्होंने दम तोड़ दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में शोक का माहौल छा गया। अस्पताल में आवश्यक औपचारिकताओं के बाद परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया और बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव को अपने साथ घर ले गए।
इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों ने भी घटना पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि अचानक हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।


