
Deoghar News : देवघर जिले के कुंडा थाना क्षेत्र के बैजनाथपुर दुधकोठी के समीप स्थित एक निर्माणाधीन मकान में चोरी की घटना सामने आई है। मामले को लेकर मकान मालिक शंकर प्रसाद चौधरी ने कुंडा थाना में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।

दिए गए आवेदन में बताया गया है कि उनके निर्माणाधीन मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने मकान के आठ बाथरूम में लगाए गए नल, शॉवर समेत अन्य संपूर्ण फिटिंग्स को उखाड़कर अपने साथ ले गए। घटना का पता तब चला जब मकान मालिक निर्माण कार्य का जायजा लेने पहुंचे।

मकान का ताला टूटा हुआ था और अंदर लगाए गए अधिकांश सामान गायब मिले। पीड़ित के अनुसार चोरी गए सामानों की अनुमानित कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये है। चोरी की इस घटना से उन्हें आर्थिक नुकसान हुआ है।
उन्होंने आशंका जताई है कि घटना को अंजाम देने वाले लोगों ने सुनसान का फायदा उठाकर मकान में प्रवेश किया और योजनाबद्ध तरीके से फिटिंग्स की चोरी की।
घटना के बाद शंकर प्रसाद चौधरी ने कुंडा थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई और मामले की जांच कर दोषियों की पहचान करते हुए आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ-साथ चोरी की घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।


