
Deoghar News : ऑनलाइन गेमिंग और निवेश के नाम पर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आईआरबी-8 के एक जवान ने लोटस एप के जरिए गेम खेलने के दौरान लाखों रुपये गंवा दिए।

बताया जा रहा है कि अधिक मुनाफे के लालच में जवान ने अपनी जमीन तक गिरवी रख दी और एनएससी समेत अन्य बचत योजनाओं को तोड़कर बड़ी राशि एप में निवेश कर दी।

जानकारी के अनुसार, निवेश के बाद जवान का अकाउंट होल्ड हो गया, जिसके कारण वह अपनी जमा राशि की निकासी नहीं कर पा रहा है। मामले से परेशान जवान इन दिनों श्रावणी मेला ड्यूटी के सिलसिले में देवघर आया हुआ है।
इसी दौरान उसने न्याय और मदद की गुहार लगाने के लिए देवघर साइबर थाना का रुख किया।
सूत्रों के मुताबिक, मामले को लेकर फिलहाल कोई भी अधिकारी खुलकर कुछ भी बताने से बच रहे हैं। हालांकि पीड़ित जवान ने साइबर थाना पहुंचकर अपनी समस्या से अधिकारियों को अवगत कराया है।
अब यह देखना होगा कि जांच के बाद मामले में क्या कार्रवाई होती है और पीड़ित को उसकी राशि वापस दिलाने की दिशा में क्या कदम उठाए जाते हैं।


