
Deoghar : देवघर जिले के जसीडीह थाना क्षेत्र के खोरीपानन गांव के पास बाइक और टोटो की आमने-सामने की टक्कर में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां ऑन ड्यूटी चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद वार्ड में भर्ती कर लिया है।

घटना के संबंध में घायल कुंदन कुमार ने बताया कि वे लोग बिहार के जमुई जिला अंतर्गत चकाई थाना क्षेत्र स्थित अपनी बहन के घर से लौट रहे थे। इसी दौरान खोरीपानन गांव के पास उनकी बाइक और एक टोटो के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार कुंदन कुमार, देवल कुमार एवं दिलीप कुमार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

घटना के बाद टोटो चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तीनों घायलों को उठाकर इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा सभी का इलाज किया जा रहा है। घटना की सूचना मिलने के बाद मामले की जानकारी स्थानीय थाना पुलिस को भी दे दी गई है।


