
Deoghar: देवघर के सारवां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में एक प्रसूता की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया। साथ ही दोषी स्वास्थ्यकर्मियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई करते हुए दो एएनएम को प्रसव कक्ष के कार्य से हटा दिया है।

जानकारी के अनुसार, रघुनाथपुर झालर निवासी की महिला 26 वर्षीया महिला सजिया खातुन पति अब्दुल अंसारी को बुधवार दोपहर करीब 12 बजे प्रसव के लिए अस्पताल लाया गया था, जहां करीब 1:15 बजे उसका प्रसव कराया गया। परिजनों का आरोप है कि प्रसव के बाद महिला की हालत बिगड़ने लगी, जिसके बाद उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, देवघर रेफर कर दिया गया।

हालांकि, रेफर किए जाने के कुछ ही समय बाद उसकी मौत हो गई। प्रसूता की मौत की खबर मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो उठे।
गुरुवार को मायका उपरबहियारी सहित सैकड़ों की संख्या में स्थानीय परिजनों एवं लोगों ने सीएचसी की लचर स्वास्थ्य व्यवस्था व कर्मियों के घोर लापरवाही के खिलाफ सीएचसी के बाहर नारेबाजी करते हुए कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। परिजनों व ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सामान्य प्रसव के बाद अत्यधिक रक्त स्त्राव के कारण प्रसुति महिला की मौत हो गई।
जनाक्रोश को देखते हुए सारवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को शांत कराया और मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद स्थिति सामान्य हो सकी।
स्वास्थ्य विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया है। मामले में दो एएनएम के खिलाफ कार्रवाई की गयी है। सीएचसी सारवां के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, संबंधित कर्मियों की कार्यशैली में गंभीर लापरवाही पाई गई। इसके आधार पर एएनएम रिंकू मंडल और एएनएम रीमा दास को तत्काल प्रभाव से प्रसव कक्ष के कार्य से मुक्त कर दिया गया है। रिंकू मंडल को स्वास्थ्य उपकेंद्र दुबजोरी और रीमा दास को बनबेरिया में प्रतिनियुक्त किया गया है।
स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच, दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई और अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार की मांग की है। स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई को मामले में प्रारंभिक कदम माना जा रहा है।
एहतियात के तौर पर अस्पताल परिसर में पुलिस बल तैनात किया गया है।


