Deoghar : सारठ थाना क्षेत्र के केरवक गांव में 15 दिनों तक लगातार बिजली का काम करने के बाद पैसा मांगने गए बिजली मिस्त्री के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना में बिजली मिस्त्री समेत चार लोग घायल हो गए।

सभी घायलों को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल लाया गया, जहां ऑन ड्यूटी चिकित्सक ने इलाज के बाद सभी को छुट्टी दे दी। घटना के संबंध में घायल गोपाल पंडित ने बताया कि उसने गांव के ही एक व्यक्ति के यहां 15 दिनों तक लगातार बिजली का काम किया था।

काम करने के बाद जब वह अपना पैसा मांगने गया तो उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी गई। गोपाल पंडित के साथ मारपीट होते देख बीच-बचाव करने पहुंचे उसके पिता दिन पंडित, भाई श्याम पंडित और पत्नी कमली देवी के साथ भी मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया गया।
इसके बाद हल्ला होने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मामले को शांत कराया। घटना के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने इलाज के बाद सभी को छुट्टी दे दी। इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई है।



