Deoghar Cyber Crime: साइबर अपराधियों को सिम सप्लाई करने के आरोप में मुंबई पुलिस ने देवघर साइबर पुलिस के सहयोग से एक सरकारी स्कूल के शिक्षक उसके घर से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार शिक्षक मंजीत आर्या नगर थाना क्षेत्र के बिलासी टाउन इलाके का रहने वाला है। गिरफ्तार मंजीत जिले के देवीपुर हाई स्कूल में अंग्रेजी के शिक्षक के पद पर कार्यरत है।
डायरी के पन्नों को काटकर रखता था सिम
जांच में पुलिस ने उसके पास से एक डायरी बरामद किया है। उक्त डायरी के पन्नों को काटकर उसने मोबाइल रखने का जगह बनाया था, डायरी के पन्ने में ही वह फर्जी सिम को चिपकाकर रखता था। बताया जाता है कि उक्त मोबाइल का इस्तेमाल वह साइबर ठगों से बात करने में करता था। उसी डायरी से निकालकर ही वह सभी को सिम उपलब्ध कराता था।
मुंबई में था मामला दर्ज़
पुलिस को उसके एक अन्य साथी की भी तलाश है। बताया जाता है कि उसके उपर मुंबई में पहले से मामला दर्ज था। बताया जाता है कि स्थानीय पुलिस को झांसे में लेकर उसने चरित्र प्रमाण पत्र बनवाकर उसी आधार पर उसे नौकरी भी पा ली थी। महाराष्ट्र के मुंबई शहर के मांटूंगा थाना की पुलिस टीम यहां पहुंची है। उक्त थाना में मुंबई निवासी बसंत गंगाजी चेड्डा नामक व्यक्ति ने मामला दर्ज कराया था।
उनके बैंक खाता से करीब 1.10 लाख की अवैध निकासी कर ली गई थी। इसी मामले की जांच के लिए मुंबई पुलिस की टीम देवघर पहुंची। इस मामले की जांच के दौरान मंजीत का नाम सामने आया और उसी आधार पर उसे पकड़ा गया।