Deoghar :अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बिहार के जमुई जिले के चकाई थाना क्षेत्र अंतर्गत बुढ़ियाटांड़ के पास शुक्रवार देर शाम दो बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई।

हादसे में बाइक सवार 52 वर्षीय आलू यादव की मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहे सिकंदर यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों चकाई थाना क्षेत्र के गम्हरिया गांव के रहने वाले हैं। परिजनों के अनुसार, आलू यादव और सिकंदर यादव शुक्रवार की देर शाम एक ही बाइक पर सवार होकर सरोना बाजार से अपने घर लौट रहे थे।

इसी दौरान बुढ़ियाटांड़ के पास तेज गति से आ रही अपाचे बाइक के चालक ने उनकी बाइक में सामने से जोरदार धक्का मार दिया। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से धक्का मारने वाली बाइक को पकड़ लिया गया और स्थानीय थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया।
हादसे के बाद दोनों घायलों को पहले चकाई स्थित सरकारी अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। देवघर सदर अस्पताल में इलाज के दौरान आलू यादव की मौत हो गई।
इधर, सदर अस्पताल स्थित बैद्यनाथ धाम ओपी पुलिस ने आलू यादव के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
वहीं, एक अन्य सड़क दुर्घटना में गिरिडीह जिले के जमुआ निवासी अभय हाजरा और देवघर निवासी रंजीत कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का इलाज देवघर सदर अस्पताल में किया जा रहा है।



