Deoghar : दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने और लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम करने के उद्देश्य से शनिवार को शहर के विभिन्न इलाकों में पुलिस की ओर से फ्लैग मार्च निकाला गया।

इस दौरान पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों ने लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा दुर्गा पूजा को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। फ्लैग मार्च का नेतृत्व एसडीपीओ कुलदीप कुमार ने किया। नगर थाना एवं कुंडा थाना क्षेत्र में पुलिस की टीम ने मोटरसाइकिल से फ्लैग मार्च निकालकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

नगर थाना क्षेत्र में फ्लैग मार्च टावर चौक से शुरू होकर राय एंड कंपनी, वीआईपी चौक, बारमसिया, कृष्णपुरी, तिवारी चौक, बाईपास होते हुए रंगामोड़ और बिलासी टाउन तक निकाला गया। इस दौरान पुलिस पदाधिकारियों ने क्षेत्र में शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर लोगों से अपील की।

नगर थाना की ओर से निकाले गए फ्लैग मार्च में नगर थाना प्रभारी पुनि रवि ठाकुर, एसआई मिथलेश कुमार, मुकेश कुमार, घनश्याम गंझु, एएसआई संतोष कुमार, अरविन्द कुमार सहित पुलिस के जवान शामिल थे। इधर, कुंडा थाना क्षेत्र में भी पुलिस प्रशासन की ओर से फ्लैग मार्च निकाला गया।
सर्किल इंस्पेक्टर अनिल कुमार और कुंडा थाना प्रभारी पुअनि प्रशांत कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने फ्लैग मार्च किया। यह मार्च कुंडा थाना से निकलकर कुंडा मोड़, पांडे दुकान, थाढ़ीदुलमपुर, चित्तोलोढ़िया और चांदडीह तक निकाला गया।
दुर्गा पूजा के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न नहीं हो और पूजा शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो, इसे लेकर पुलिस प्रशासन द्वारा क्षेत्र में सतर्कता बरती जा रही है। फ्लैग मार्च के माध्यम से पुलिस ने आम लोगों को सुरक्षा व्यवस्था के प्रति आश्वस्त करने के साथ-साथ शांति एवं सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया।



