
Deoghar: देवघर नगर थाना क्षेत्र के बरमसिया चौक स्थित एक चाय दुकान संचालिका ने मारपीट, गाली-गलौज और छिनतई को लेकर चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

पीड़िता सरिता देवी, पति स्वर्गीय राजेन्द्र महथा, निवासी बरमसिया चौक ने नगर थाना में दर्ज कराये गये मामले में कहा कि वह बरमसिया स्कूल के पास चाय, बिस्कुट और ठंडा की दुकान चलाती हैं। उन्होंने बताया कि 18 मई 2026 को सुबह करीब 10 बजे उन्होंने मनसा महथा, बन्टी महथा और रीता देवी के खिलाफ मारपीट व गाली-गलौज की शिकायत थाना में दी थी। आवेदन के अनुसार, पुलिस द्वारा दोपहर बाद करीब चार बजे मामले की जांच की गई।

आरोप है कि पुलिस के लौटने के बाद शाम करीब पांच बजे मनसा महथा, बन्टी महथा, रीता देवी और सोनाली देवी लाठी एवं बांस का फट्टा लेकर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया।
पीड़िता ने बताया कि मारपीट में उनके माथा, पीठ और हाथ में चोट लगी है। वहीं उनकी पुत्री खुशबू कुमारी के हाथ और पीठ पर चोट आई, जबकि पुत्र अमन कुमार को हाथ, पीठ और छाती में लाठी से चोट लगी। एक अन्य पुत्री आर्या कुमारी को भी बांस के फट्टे से मारकर घायल कर दिया गया।
सरिता देवी ने आरोप लगाया कि रीता देवी ने उनके कान से करीब 10 हजार रुपये मूल्य की सोने की बाली नोच ली, जबकि बन्टी महथा ने पांच ग्राम वजन की करीब 40 हजार रुपये कीमत की सोने की चूड़ी छीन ली। पुलिस आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर जांच कर रही है।



