Shahpur : शाहपुरा जिले के आरणी गांव में सांडों को बचाने के लिए कुएं में उतरने तीन युवकों की जहरीली गैस के कारण मौत हो गई। मृतकों में दो सगे भाई थे। कुएं पांच युवक उतरे थे, काफी मशक्कत के बाद दो युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। यह हादसा सोमवार रात आठ बजे हुआ। रात 12: 30 बजे तक बचाव कार्य चला।
शाहपुरा थानाधिकारी महावीर प्रसाद शर्मा के अनुसार थाना क्षेत्र के आरणी गांव में दो सांड लड़ते हुए रामेश्वर माली के खेत में बने करीब चालीस फीट गहरे कुएं में गिर गए। कुआं बिना मुंडेर का था और लंबे समय से काम नहीं आ रहा था। करीब 12 फीट पानी था।
आसपास खड़े युवकों ने जेसीबी को बुलाकर सांडों को बचाने का प्रयास शुरू किया, काफी प्रयास के बाद एक सांड को बाहर निकाल पाए। दूसरे सांड को बचाने के लिए कुएं में सीढ़ियों के सहारे सबसे पहले सुखदेव गाड़री (18) पुत्र देवीलाल उतरा। कुएं में जहरीली गैस का रिसाव हो रहा था।
उसके संपर्क में आते ही सुखदेव कुएं के अंदर ही बेहोश हो गया। दम घुटने के बाद वह चिल्लाने लगा। उसके कमर में रस्सा बंधा था। सुखदेव को जेसीबी की मदद से बाहर निकाला गया। इसके बाद धनराज (22) पुत्र रामेश्वर माली कुएं में उतरा। वह अंदर ही बेहोश हो गया। बाहर खड़े युवकों की चिंता बढ़ी।
हिम्मत करके शंकर (30) पुत्र हजारी माली कुएं में उतरा। अंदर जाते ही वह भी बेहोश हो गया। मौके पर मौजूद शंकर का भाई कमलेश (25) से रहा नहीं गया। अपने भाई को बचाने वह कुएं में उतर गया।
वह भी जहरीली गैस की चपेट में आ गया। अंत में बाल किशन (25) पुत्र मिट्ठू लाल कमर में रस्सा बांधकर कुएं में उतरा। वह भी बेहोश हो गया। ग्रामीणों ने उसे तत्काल बाहर निकाल लिया। कमलेश और शंकर सगे भाई थे।
थानाधिकारी ने बताया घटना की सूचना के बाद ग्रामीणों के सहयोग से करीब रात 9 बजे रेस्क्यू प्रारंभ किया गया। ग्रामीण कुएं में उतरने से घबराने लगे। आधे घंटे की मशक्कत के बाद रात 9.30 बजे धनराज के शव को निकाला गया।
इसके बाद हिंदुस्तान जिंक की रेस्क्यू टीम के सहयोग से रात 10.30 बजे कमलेश और रात करीब 12.30 बजे तीसरे युवक शंकर का शव निकाला गया। (HS)