Deoghar: देवघर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी के निर्देशानुसार बुधवार को दुर्गा पूजा के अवसर पर आम जनता को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग, देवघर द्वारा देवघर के विभिन्न क्षेत्रों में कुल 35 खाद्य प्रतिष्ठानों एवं स्ट्रीट फूड स्टॉलों का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण अभियान का नेतृत्व खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी सुबीर रंजन ने किया। इस दौरान करनीबाग में माधुरग्राम, बंसी वाला, टावर चौक में मधुबन होटल, होटल माधुरी, होटल कामधेनु, नीकमल, अनायीसा डाइनिंग लाउंज, कार्तिके फूड प्लाजा, आजाद चौक में अवंतिका के खाद्य पदार्थों विशेष रूप से पनीर, खोया, मिल्क केक रसगुल्ला, लड्डू, जलेबी, मसाले, छोला, चटनी इत्यादि के गुणवत्ता की मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब से ऑन स्पॉट की गई। साथ ही स्वच्छता तथा खाद्य सुरक्षा मानकों की भी जांच की गई।

करनीबाग स्थित बंशीवाला मिठाई दुकान से पनीर का नमूना जांच हेतु लिया गया। जांच के दौरान अवंतिका में गंदगी पाए जाने पर नोटिस भेजा जाएगा। टावर चौक में विक्रम चाट स्टॉल पर छोला में औद्योगिक रंग की उपस्थिति पाए जाने पर 8 किलो छोला नष्ट कराया गया। स्मार्ट बाजार वायरी के पास विकाश चाट स्टॉल पर छोला में औद्योगिक रंग की उपस्थिति पाए जाने पर 5 किलो छोला नष्ट कराया गया।
औद्योगिक रंग का इस्तेमाल करने वाले दुकानदारों को भविष्य में केवल फूड कलर ही इस्तेमाल करने का सख्त निर्देश दिया गया। इसके बाद बजरंगी चौक स्थित सभी स्ट्रीट फूड की ऑन स्पॉट जांच की गई जो सही पाई गई।
देवघर जिले के खाद्य कारोबारियों को केवल वैध फूड लाइसेंसधारी आपूर्तिकर्ता से ही पनीर, खोआ, मिल्क केक एवं अन्य खाद्य सामग्री प्राप्त कर बेचने का निर्देश दिया गया।
अवैध स्रोत से प्राप्त मिलावटी पनीर, खोआ एवं अन्य खाद्य सामग्री मिलने पर उसे जब्त करते हुए खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की सुसंगत धाराओं में सख्त कार्रवाई की जाएगी। सभी खाद्य कारोबारियों से वैध फूड लाइसेंस लेकर ही खाद्य कारोबार करने, अखबार में खाद्य सामग्री नहीं बेचने और सभी होटल एवं रेस्टोरेंट को पानी का जांच, कर्मियों का मेडिकल फिटनेस और पेस्ट कंट्रोल करने का निर्देश दिया।
सभी स्ट्रीट फूड वेंडर्स को स्वच्छ पानी और ताजा खाद्य सामग्री इस्तेमाल करने हेतु जागरूक किया गया।
यह जाँच अभियान लगातार जारी रहेगा। जांच दल में प्रशिक्षु खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी शैलेश कुमार यादव एवं अंजलि विवा मिंज, जूनियर एनालिस्ट शुभम कुमार राठौर, प्रिंस कुमार, देव कुमार शामिल रहे।



