
Jamui: बिहार के जमुई जिले के सिकंदरा थाना क्षेत्र के खरडीह गांव के खलिहान से एक पीडीएस डीलर की शनिवार की देर रात को अज्ञात अपराधियों ने गला काटकर हत्या कर दिया है। मृतक व्यक्ति की पहचान शिवनंदन महतो के रूप में की गई है। मृतक अपने गांव में पीडीएस दुकान का संचालन करता था।

बताया जाता है कि मृतक शिवनंदन महतो अपने खलियान में धान की रखवाली करने के लिए जाया करता था। शनिवार रात भी शिवनंदन महतो अपने खलियान में धान के फसल की रखवाली करने गए थे और वहीं खलियान में ही सो गए थे। रविवार सुबह किसी ग्रामीण ने खलियान में शिवनंदन महतो का सर कटा लाश देख कर इसकी जानकारी उनके परिजनों को दिया।

हत्या की सूचना के बाद आसपास के इलाकों में सनसनी फैल गई है। घटना के बाद परिजन और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंच कर इस बात की जानकारी सिकंदरा थाना की पुलिस को दिया। सूचना देने के उपरांत सिकंदरा पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन में जुट गई।
इस मामले को लेकर सिकंदरा थानाध्यक्ष मिंटू सिंह ने बताया कि सूचना मिली थी एक बुजुर्ग की बेरहमी से हत्या कर दी गई है। मौके पर पहुंचकर मृतक के शव को कब्जे में ले लिया गया है। मृतक के खलिहान पर ही इस वारदात को अंजाम दिया गया है।
घटना के बारे में परिजनों ने बताया कि इनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। फिर इतनी बेरहमी से हत्या करने का कोई कारण स्पष्ट नहीं हो पा रहा है। घटना के बाद परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।
वहीं घटना की जानकारी के बाद जमुई एसडीपीओ सतीश सुमन भी मौके पर पहुंचकर छानबीन में जुट गए हैं। घटनास्थल पर FSL की टीम और डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया है।


