Deoghar : अपराध पर अंकुश लगाने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार की रात देवघर पुलिस ने एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान देवघर एसपी प्रवीण पुष्कर खुद सड़क पर उतरे और जांच अभियान का जायजा लिया। एसपी के निर्देश पर नगर थाना, कुंडा थाना, रिखिया थाना और जसीडीह थाना क्षेत्र में रात 10 बजे से 11:30 बजे तक वाहनों की सघन जांच की गयी।

अभियान के दौरान पुलिस टीम ने सड़क से गुजरने वाले बाइक सवारों को रोककर उनके वाहनों के कागजात और हेलमेट की जांच की। वहीं चार पहिया वाहनों में सीट बेल्ट के इस्तेमाल की जांच की गयी। इसके अलावा ड्रंक एंड ड्राइव की भी जांच की गयी। पुलिस ने वाहनों को रोककर आवश्यक पूछताछ और जांच-पड़ताल की तथा यातायात नियमों के अनुपालन को लेकर भी नजर रखी।

इन इलाकों में चला चेकिंग अभियान

नगर थाना क्षेत्र में बरमसिया, देवसंघ और रंगामोड़ में एंटी क्राइम चेकिंग की गयी। वहीं कुंडा थाना क्षेत्र में कुंडा मोड़, तपोवन और कर्णकोल मोड़ में पुलिस ने वाहनों की जांच की। रिखिया थाना क्षेत्र में महेशमारा तथा रिखिया-मोहनपुर रोड स्थित हटिया रोड सहित अन्य इलाकों में भी जांच अभियान चलाया गया। जसीडीह थाना क्षेत्र में रोहिणी परमेश्वर चौक, जुबली पेट्रोल पम्प, जसीडीह बाजार में भी पुलिस टीम द्वारा वाहनों की जांच की गयी।
थाना प्रभारियों के नेतृत्व में पुलिस टीम रही तैनात
अभियान में नगर थाना प्रभारी पुनि रवि ठाकुर, जसीडीह थाना प्रभारी पुनि दीपक कुमार, कुंडा थाना प्रभारी पुअनि प्रशांत कुमार और रिखिया थाना प्रभारी पुअनि प्रभात कुमार सहित संबंधित थानों के अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल रहे। देर रात तक चले इस अभियान के दौरान पुलिस टीम ने विभिन्न स्थानों पर वाहनों को रोककर आवश्यक जांच-पड़ताल की।
पुलिस के अनुसार, इस तरह के एंटी क्राइम चेकिंग अभियान का उद्देश्य अपराध पर अंकुश लगाने के साथ-साथ सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना है। मंगलवार की रात जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में एक साथ चलाये गये अभियान के दौरान पुलिस की सक्रियता सड़क पर नजर आयी।



