Deoghar: शारदीय नवरात्र को लेकर शहर के विभिन्न पूजा पंडालों में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर जिला प्रशासन भी पूरी तरह सक्रिय है।

इसी क्रम में बुधवार को उपायुक्त सौरभ कुमार भुवनिया और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने शहर के विभिन्न स्थानों पर बन रहे दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा मानकों का जायजा लिया तथा पूजा समितियों के अध्यक्षों एवं अन्य सदस्यों से बातचीत कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने पूजा समितियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पूजा पंडालों में महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतारों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इससे भीड़ को नियंत्रित करने के साथ छेड़खानी और अन्य अप्रिय घटनाओं पर भी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। पंडालों में अग्निशमन की समुचित व्यवस्था रखने और निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने पर भी जोर दिया गया।
षष्ठी तक पूरी कर लें सभी आवश्यक तैयारियां
उपायुक्त ने बताया कि शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने की जिम्मेदारी एसडीपीओ और सीसीआर डीएसपी की निगरानी में सुनिश्चित की जा रही है। वहीं, साफ-सफाई की व्यवस्था के लिए नगर निगम की टीम लगातार काम कर रही है। उन्होंने पूजा समितियों को पूजा से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियां षष्ठी तिथि तक पूरी कर लेने का निर्देश दिया, ताकि सप्तमी से श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
हर प्रमुख पंडाल में तैनात होगा पुलिस बल
पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने कहा कि शहर के सभी प्रमुख पूजा पंडालों का निरीक्षण कर पूजा समितियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। पंडालों में उमड़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बलों की तैनाती की जाएगी। महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है, ताकि छेड़खानी, चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं को रोका जा सके।
सीसीटीवी कैमरे से होगी निगरानी, रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने का निर्देश
एसपी ने पूजा समितियों के अध्यक्षों को पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने और उनकी निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही कैमरों की रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने को कहा गया है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में फुटेज के माध्यम से असामाजिक तत्वों की पहचान की जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि दुर्गा पूजा के दौरान पूरे शहर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे और पुलिस प्रशासन हर गतिविधि पर नजर रखेगा। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त, सीसीआर डीएसपी समेत विभिन्न विभागों के पदाधिकारी मौजूद थे।



