
Giridih : झारखंड के गिरिडीह जिला से रांची सीआईडी की विशेष टीम ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों युवकों पर नाबालिग लड़कियों के आपत्तिजनक और अश्लील वीडियो ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से बेचने वाले एक संगठित नेटवर्क से जुड़े होने के आरोप हैं।

दोनों युवकों को सीआईडी ने कोलडीहा इलाके में छापेमारी कर गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हसन राजा और मो. मोहब अंसारी के रूप में हुई है। छापेमारी के दौरान इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल सामग्री भी जब्त किए जाने की सूचना है. जिनकी फोरेंसिक जांच की जा रही है।

यह कार्रवाई रांची सीआईडी की साइबर टीम द्वारा गुप्त सूचना और तकनीकी जांच के आधार पर की गई। सीआईडी अधिकारियों ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (आईटी एक्ट) और पोक्सो एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. दोनों से रांची में पूछताछ की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार इस पूरे मामले की शुरुआत हैदराबाद पुलिस के साइबर सेल से हुई। जहां जांच के दौरान एक नाबालिग लड़की का आपत्तिजनक वीडियो बरामद हुआ था। तकनीकी विश्लेषण और डिजिटल ट्रैकिंग में यह पता चला कि वीडियो का स्रोत झारखंड से जुड़ा हुआ है। इसके बाद मामला रांची सीआईडी को ट्रांसफर कर दिया गया। रांची सीआईडी ने मामले की जांच शुरू की। जांच में यह सामने आया है कि आरोपी एक संगठित नेटवर्क के तहत काम कर रहे थे।
आरोप है कि गिरोह नाबालिग बच्चियों के आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उन्हें अलग अलग ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर बेचता था। इसके लिए टेलीग्राम पर विशेष चैनल बनाए गए थे, जहां ग्राहक को जोड़कर वीडियो शेयर किए जाते थे। कुछ वेबसाइट्स पर भी इस तरह की सामग्री बेचने के संकेत मिले हैं।
अब डिजिटल फोरेंसिक विशेषज्ञ मोबाइल डेटा, सोशल मीडिया अकाउंट्स, बैंकिंग ट्रांजेक्शन और ऑनलाइन भुगतान प्रणाली की भी जांच कर रहे हैं। जांच एजेंसियों का मानना है कि नेटवर्क अन्य राज्यों में भी सक्रिय है।


