Deoghar: देवघर शहर में रंगदारी वसूली की सूचना पर नगर थाना पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी कर पांच कुख्यात अपराधियों को पकड़ा है। सुरक्षा कारणों से पुलिस ने फिलहाल इनके नामों का खुलासा नहीं किया है।

बताया जाता है कि पांचों अलग-अलग गिरोह चलाते हैं और आपराधिक घटनाओं को अंजाम देते रहे हैं। पकड़े गये युवकों में एक बीएन झा पथ, दूसरा बिलासी शीतल मल्लिक रोड, तीसरा रिखिया थाना क्षेत्र के चिरोडीह गांव और चौथा कुंडा थानांतर्गत करनीबाग इलाके का रहने वाला बताया जाता है। पांचवें युवक के निवास स्थान की जानकारी फिलहाल सामने नहीं आयी है।

मिली जानकारी के अनुसार पुलिस की कार्रवाई शुक्रवार देर रात साइबर थाना के समीप स्थित एक मल्टीप्लेक्स सिनेमा हॉल के पास से शुरू हुई, जहां तीन युवकों को पकड़ा गया। उनकी निशानदेही पर शहर के अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की गयी। इस दौरान दो अन्य संदिग्धों को पकड़ने के साथ पिस्तौल, गोली और काली स्कॉर्पियो बरामद किये जाने की सूचना है।
पांचों से नगर थाना में पूछताछ जारी है।
सूत्रों के अनुसार, पकड़े गये पांच युवकों में तीन का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। इनके खिलाफ हत्या, आर्म्स एक्ट, लूट, रंगदारी और छिनतई से जुड़े कई मामले नगर, कुंडा, रिखिया व मोहनपुर थाना में दर्ज हैं।
पुलिस पूर्व में भी अलग-अलग मामलों में इन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। बताया जाता है कि दो युवकों पर शहर में मटका लॉटरी के अवैध संचालन और रुपये वसूली कराने का भी आरोप लगता रहा है।
सूत्रों के अनुसार, कुछ माह पूर्व जेल से छूटने के बाद ये फिर रंगदारी वसूली में सक्रिय हो गये थे। दो युवकों पर शहर में आपराधिक गिरोह संचालित करने का भी आरोप है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। नगर थाना पुलिस के किसी भी पदाधिकारी ने मामले में आधिकारिक तौर पर जानकारी देने से परहेज किया है।
पुलिस की पूछताछ पूरी होने के बाद ही विस्तृत जानकारी सामने आ सकती है।



