
Deoghar: साइबर ठगी के आरोपितों के खिलाफ पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत आठ साइबर ठगी के आरोपितों को साइबर थाना की पुलिस द्वारा सोमवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

पकड़े गए आरोपितों के पास से आठ मोबाइल फोन, 15 सिम कार्ड बरामद किया गया है। वहीं इसमें से तीन सिम के खिलाफ प्रतिबिंब पोर्टल पर पहले से आनलाइन शिकायत दर्ज है। पकड़े गए आरोपितों में जिले के पालोजोरी थाना क्षेत्र के बेदगावां नावाडीह गांव निवासी अरबाज अंसारी, शहबाज अंसारी, पथरौल थाना क्षेत्र के सिमरातरी गांव निवासी कपिल कुमार दास, इसी थाना क्षेत्र के ठेंगाडीह गांव निवासी सचिन मंडल, जिले के सारवां थाना क्षेत्र के बरमतरा गांव निवासी फैयाज अंसारी, वारिस अख्तर, जिले के मारगोमुंडा थाना क्षेत्र के केंदुआटांड गांव निवासी राजेश मंडल और सारठ थाना क्षेत्र के पथरड्डा ओपी क्षेत्र के सिमरातरी गांव निवासी बबलू दास शामिल हैं।

इन सभी को जसीडीह थाना क्षेत्र के सुजानी नर्सरी के पास से पकड़ा गया है। पूछताछ के क्रम में आरोपितों ने बताया कि इन लोगों ने बैंक कस्टमर बनकर लोगों को फोन कर उन्हें फर्जी लिंक भेजकर ठगी का शिकार बनाया है।
इनकी गिरफ्तारी के लिए गठित ठीक में पुलिस इंस्पेक्टर राकेश कुमार रवि, एसआइ अजय कुमार शामिल थे। पूछताछ करने के बाद सभी आरोपितों को जेल भेज दिया गया है।


