
Deoghar: रविवार को गोड्डा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे मधुपुर पहुंचे। यहां मृत प्रधानाध्यापक संजय दास के परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त किया। मौके पर एमपी ने कहा कि यह कोई साधारण घटना नहीं है। इस घटना में आतंकवादी गतिविधि दिखाई दे रही है। इस हत्याकांड की जांच के लिए एनआईए को लिखा हूं।

सांसद ने कहा कि मामले के लिए लिपाई पुताई नहीं होनी चाहिए। सरकार के मंत्री ने 48 घंटे के अंदर अपराधियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया, लेकिन आज तक अपराधी नहीं पकड़ा गया यह दुर्भाग्यपूर्ण है। जिला में एसपी रैंक के अधिकारी एसपी होते हैं लेकिन देवघर जिला इतना महत्वपूर्ण है कि यहां डीआईजी रैंक के अधिकारी एसपी बने हैं इसके बाद भी मामले का पर्दाफाश नहीं हो पा रहा है।

सरकार यहां आईजी रैंक के अधिकारी को एसपी पद पर पदस्थापित करें और मामले का उद्वेदन करें।
सांसद निशिकांत ने कहा कि बांग्लादेश के आतंकवादी झारखंड और संथाल परगना में अपनी गतिविधियां फैला रहे हैं। खासकर मधुपुर, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में इस तरह के अपराधी काफी फैल रहे हैं। समाज के महत्वपूर्ण व्यक्ति की हत्या कर संदेश देना चाहते हैं।
एमपी निशिकांत दुबे ने कहा कि 72 घंटे के अंदर पुलिस प्रशासन मामले का पर्दाफाश करें और अपराधियों को पकड़े नहीं तो भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता चरणबद्ध तरीके से आंदोलन करने को बाध्य होंगे।


