
Deoghar: खाताधारक को पता ही नहीं है और उसके नाम से एक नहीं बल्कि दो-दो लोन लिया जा चुका है। जब पता चला तो उसके पांव के नीचे से जमीन खिसक गई। भागा-भागा वह साइबर थाना पहुंचा और मामले की शिकायत दर्ज कराई।

सारवां थाना क्षेत्र के भजलपुर के रहने वाले पीड़ित राजेश कुमार सिंह का कहना है कि 26 दिसंबर को वह अपना केसीसी लोन कराने सारवां स्थित भारतीय स्टेट बैंक गया था। वहां जाने पर उसे पता चला कि उसके नाम से दो-दो लोन चल रहा है।

बैंक के अधिकारी ने उसे सिविल स्कोर की प्रति उसे उपलब्ध कराया। जिसमें महेंद्रा फाइनेंस द्वारा एक मोटरसाइकिल के नाम पर 28579 रुपये का लोन किया गया है। वहीं दूसरा लोन भी इसी फाइनेंस कंपनी की ओर से महिंद्रा अल्फा आटो के नाम पर 124370 रुपये का लोन किया गया।
पीड़ित का कहना है कि उसने इस तरह का एक भी लोन नहीं लिया है। उसकी बगैर जानकारी के किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसके नाम का इस्तेमाल कर लोन ले लिया है।
पीड़ित ने जांच कर उचित कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। साइबर थाना की पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।


