Deoghar : साइबर ठगी के एक मामले में आरोपित की तलाश में मुंबई के ट्राम्बे थाना की पुलिस टीम बुधवार को देवघर पहुंची। एसआई पूजा सलगडे के नेतृत्व में पहुंची तीन सदस्यीय पुलिस टीम ने देवघर नगर थाना की पुलिस के सहयोग से नंदन पहाड़ इलाके से कुंदन कुमार दास नामक युवक को हिरासत में लिया।

आरोपित मूल रूप से बैजनाथपुर का रहने वाला बताया जाता है। मिली जानकारी के अनुसार, इसी वर्ष जुलाई माह में मुंबई के ट्राम्बे थाना क्षेत्र के निवासी एक व्यक्ति को झांसे में लेकर साइबर ठगों ने तीन लाख रुपये की ठगी कर ली थी।

इस घटना को लेकर ट्राम्बे थाना में साइबर ठगी का मामला दर्ज किया गया था। मामले के अनुसंधान के दौरान पुलिस को पता चला कि ठगी की रकम हिरासत में लिए गए युवक के बैंक खाते में ट्रांसफर की गई थी।
बैंक खाते में ठगी की रकम ट्रांसफर होने की जानकारी मिलने के बाद मुंबई पुलिस की टीम देवघर पहुंची और स्थानीय नगर थाना की पुलिस के सहयोग से युवक को हिरासत में लिया।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपित ने ठगी की इस घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। फिलहाल मुंबई पुलिस और स्थानीय पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।



