Deoghar : ऑपरेशन “सतर्क” के तहत 27 अक्टूबर 2026 को आरपीएफ पोस्ट जसीडीह एवं सीआईबी जसीडीह की टीम ने जसीडीह रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई करते हुए ट्रेन संख्या 13331 अप से 16.200 लीटर विदेशी शराब बरामद की। बरामद शराब की अनुमानित कीमत 12,600 रुपये बताई गई है।

जानकारी के अनुसार, यात्रियों के सामान की चोरी, बिहार में अवैध रूप से शराब के परिवहन तथा अन्य रेलवे संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए आईपीएफ/सीआईबी/जसीडीह की निगरानी में सीआईबी जसीडीह एवं आरपीएफ पोस्ट जसीडीह की टीम स्टेशन पर निगरानी ड्यूटी कर रही थी। इसी दौरान ट्रेन संख्या 13331 अप से विदेशी शराब के अवैध परिवहन की सूचना मिली।

सूचना के आधार पर ट्रेन के जसीडीह रेलवे स्टेशन पहुंचने पर सीआईबी जसीडीह की टीम में शामिल एसआई एम. सिंह एवं एचसी पी.के. सिंह तथा आरपीएफ पोस्ट जसीडीह के ड्यूटी पर तैनात एसआई पी.के. राव ने एसी कोच संख्या बी-2 में संयुक्त छापेमारी-सह-तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान एक सीट के नीचे रखा हुआ ट्रॉली बैग बरामद हुआ। बैग पर अपना दावा करने के लिए कोई यात्री सामने नहीं आया। इसके बाद बैग को ट्रेन से उतारकर खोला गया।
बैग की जांच करने पर उसमें ऑफिसर्स चॉइस एलीट व्हिस्की के कुल 90 पाउच मिले। प्रत्येक पाउच में 180 एमएल शराब थी। इस तरह कुल 16.200 लीटर शराब बरामद हुई। प्रत्येक पाउच की कीमत 140 रुपये और कुल अनुमानित कीमत 12,600 रुपये बताई गई है। बरामद शराब के लेबल पर “फोर साले इन वेस्ट बंगाल ओनली ” अंकित था।
इसके बाद बरामद ट्रॉली बैग एवं शराब को सीआईबी कार्यालय जसीडीह लाया गया। आईपीएफ/सीआईबी/जसीडीह द्वारा गवाहों की मौजूदगी में उचित जब्ती सूची तैयार कर शराब एवं ट्रॉली बैग को लावारिस संपत्ति के रूप में जब्त किया गया। जब्ती की कार्रवाई 13:00 बजे से 13:15 बजे तक की गई। सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद जब्त शराब एवं संबंधित दस्तावेजों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग, देवघर को भेजा जा रहा है। कार्रवाई उत्पाद अधिनियम के तहत की जाएगी।



