Deoghar : देवघर जिले के सारठ थाना क्षेत्र स्थित मध्य विद्यालय करमा में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। मामले में एक किशोर सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है तथा चोरी गए सामानों की बरामदगी भी की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सारठ थाना कांड संख्या-66/2026, दिनांक 11 जून 2026, धारा 303(2)/334(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।

यह प्राथमिकी मध्य विद्यालय करमा के प्रधानाध्यापक पंचानंद राय द्वारा थाना में अज्ञात चोरों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। आवेदन में विद्यालय के कंप्यूटर कक्ष से कंप्यूटर एवं उससे संबंधित सामानों की चोरी की शिकायत की गई थी।
पुलिस अधीक्षक देवघर प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर सारठ थाना प्रभारी दीपक कुमार साह के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
टीम में पुलिस पदाधिकारियों, सशस्त्र बल के जवानों एवं थाना के चौकीदारों को शामिल किया गया। तकनीकी सहायता एवं अन्य स्रोतों से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने 14 जून को कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने ग्राम करमा निवासी शशिकांत सिंह के घर तथा उसकी निशानदेही पर अन्य स्थानों से चोरी का सामान बरामद किया। बरामद सामानों में दो सीपीयू, एक यूपीएस, एक प्रिंटर, एक हार्ड डिस्क, तीन बैटरियां, तीन मॉनिटर, दो माउस, एक बैटरी चार्जर, आईकॉन कैमरा, चार पेन ड्राइव, तीन मोबाइल फोन तथा दो मोटरसाइकिल शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में करमा निवासी शशिकांत सिंह, गजियाडीह निवासी मनीष कुमार राणा तथा एक किशोर शामिल हैं। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।



