
Deoghar: जिले के कुंडा थाना क्षेत्र के चांदडीह गांव में गुरुवार को रास्ता रोककर घर जा रहे बच्चों की पिटाई किए जाने के बाद तनाव की स्थिति कायम हो गई। घटना के संबंध में बताया गया कि चांदडीह उच्च विद्यालय के कुछ छात्रों के बीच लड़ाई हो गई।

स्कूल के शिक्षक ने मारपीट करने वाले बच्चों के अभिभावक को बुलाया। उनके सामने बच्चों को समझाया और फटकार भी लगाई। फिर सजा के तौर पर उन बच्चों को 10 से 15 दिनों के लिए निलंबित करने की बात कही। उसके बाद ये बच्चे एक छात्र के पिता के साथ घर जाने लगे। एक छात्र के पिता माली यादव ने बताया कि वह दसवीं कक्षा के गोलू कुमार, शैलेश कुमार व नवमी कक्षा के शिव कुमार को लेकर घर की ओर जा रहे थे। इस दौरान रास्ते में 15-17 लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया। ये सभी एक समुदाय विशेष के लोग थे। उसके बाद इन तीनों के द्वारा पिटाई किए गए छात्र का बदला लेने के इरादे से इन तीनों छात्रों को रोककर उनकी जमकर पिटाई कर दी। इस घटना में तीनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों की मदद से घायल बच्चों को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं दूसरे पक्ष के भी लोग वहां जुटने लगे। माहौल को बिगड़ते देख पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर कुंडा थाना प्रभारी प्रशांत कुमार, एसआइ मो. फकरुद्दीन आदि ने मौके पर पहुंचकर घटना कीजानकारी ली। पीड़ित पक्ष व स्कूल प्रबंधन से इस बारे में बातचीत की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस वहां काफी देर तक कैंप करती रही। बच्चों की इस कदर पिटाई किए जाने के कारण दूसरे पक्ष के लोग काफी आक्रोशित थे। उनका कहना था कि इस बारे में स्कूल अपने स्तर पर कार्रवाई कर रही थी। उन्हें भी इस बारे में सूचना दी गई थी। ऐसे में बच्चों के बीच लड़ाई में बड़ों को इस तरह से शामिल नहीं होना चाहिए थे।


